अमृतसर: 30 जनवरी (डीडी न्यूजपेपर ), भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का जिला भाजपा कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पंजाब में नगर निगम चुनाव का बिगुल बज चुका है और सभी पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता अपने-अपने इलाकों में घर-घर जा कर भाजपा की विचारधारा तथा केंद्र की मोदी सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों से लोगों को अवगत कर उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर संगठन महामंत्री श्रीमंथरी श्री निवासुलू तथा भाजपा प्रदेश महासचिव बिक्रमजीत सिंह चीमा भी उनके साथ थे। बैठक में पहुँचने पर जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने अपने पदाधिकारियों सहित अश्वनी शर्मा, श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू व बिक्रमजीत सिंह चीमा का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि नगर निगम व नगर पंचायत तथा 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह तैयार है। पार्टी द्वारा पंजाब की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ठोस निर्णय लिया जा चुका है और इसके लिए सभी जिलों से फीडबैक लिया जा चुका है। कार्यकर्त्ता पूरी तरह तैयार हैं और वह चुनाव जीतने के लिए अभी से जमीन पर उतर चुके हैं और जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा भी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के इलाकों से फीडबैक प्राप्त कर योग्य उम्मीदवार को चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा और इसके लिए भी पार्टी द्वारा रणनीति तैयार कर ली गई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को पंजाब सरकार की पंजाब तथा पंजाबियत विरोधी सोच तथा जन-विरोधी नीतियों के बारे में अपने-अपने इलाके की जनता को जागरूक करने आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के राजनीतिक हालात इस समय पर भाजपा के लिए बिलकुल अनुकूल हैं। जनता भगवंत मान सरकार के कुशासन से तंग आ चुकी है और भाजपा को पंजाब की सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्त्ताओं की बदौलत तथा पंजाब की जनता द्वारा दिए गए बहुमत से भाजपा नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करेगी। उन्होंने जल्द से जल्द भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू ने संगठनात्मक ढांचे संबंधी जानकारी देते हुए संगठनात्मक ढांचे की सरंचना का विश्लेषण किया और जहाँ कमियां नजर आई उसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर आधारित विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और कार्यकर्त्ता ही इसकी रीढ़ की हड्डी हैं। इनके दम पर ही भाजपा यह निगम और लोकसभा चुनाव जीतेगी। इस अवसर पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष तथा पूर्व सांसद श्वेत मलिक, प्रदेश सचिव राजेश हनी, राजिंदर मोहन सिंह छीना, जगमोहन सिंह राजू, डॉ. राज कुमार वेरका, जनार्दन शर्मा, डॉ. राम चावला, एडवोकेट कुमार अमित आदि उपस्थित थे।







