चंडीगढ़: 29 मार्च (डीडी,न्यूजपेपर ), पंजाब में होने वाले आगामी लोकसभा उपचुनाव, निकाय चुनाव तथा संगठनात्मक विषयों को लेकर पंजाब भाजपा प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में भाजपा मुख्यालय चंडीगढ़ में प्रदेश कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कर विचार-विमर्श किया तथा सुझाव लिए। विजय रुपाणी अपने दो दिवसीय पंजाब दौरे के दूसरे दिन चंडीगढ़ पहुंचे, जहाँ उनके साथ तरुण चुघ भी थे, भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अपनी पदाधिकारियों सहित उनका दोशाला व पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वल्लित कर किया गया। इस अवसर पर मंच पर उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, सह-प्रभारी डॉ. नरेंदर सिंह रैना, अविनाश राय खन्ना, तीक्ष्ण सूद, श्वेत मलिक भी उपस्थित थे। इन बैठकों में पंजाब की मौजूदा राजनीति पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
विजय रुपाणी ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब में भाजपा का जनाधार दिन प्रतिदिन बहुत तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पंजाब की अन्य राजनीतिक पार्टियां बौखलाई हुए व चिंतित हैं, क्योंकि सभी विपक्षी दल जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें वोट नहीं देगी। पंजाब भाजपा ने आगामी चुनावों संबंधी अपनी सांगठनिक तैयारियन पूरी कर ली हैं। पंजाब के सभी स्थानीय और जालंधर लोकसभा उप-चुनाव के लिए पंजाब बीजेपी पूरी तरह से तैयार है और बीजेपी कार्यकर्ता चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं। उन्होंने पंजाब के लोगों से भाजपा का खुलकर समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में पंजाबियों के लिए बहुत सम्मान और प्यार है और उनकी दिली ख्वाहिश है कि पंजाब हंसता खेलता, रंगला और समृद्ध पंजाब बने। भाजपा पंजाब की सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। पंजाब में अमन-चैन कायम रखना भाजपा का मुख्य उद्देश्य और मुख्य एजेंडा है। भारतीय जनता पार्टी पंजाब में अलगाववादी ताकतों के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। अब पंजाब के लोग बीजेपी को विकल्प के तौर पर देख रहे हैं और पंजाब में बीजेपी को सत्ता में लाने का मन बना चुके हैं।
विजय रूपाणी ने राहुल गांधी के बारे में बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किस तरह का सत्याग्रह कर रही है, जिसमें वह सिख नरसंहार के दोषी जगदीश टाइटलर को शामिल कर रही है। पंजाब वासी इसे कभी सहन नहीं करेंगे। कांग्रेस का विरोध अनुचित है, क्योंकि लोकसभा अध्यक्ष ने कानून के नियमों के अनुसार राहुल गांधी की सदस्यता रद्द की है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाबियों ने अब पंजाब में बीजेपी को सत्ता में लाने का मन बना लिया है, क्योंकि पंजाब की जनता समझ चुकी है कि बीजेपी जो कहती है वह करती है और बीजेपी ही पंजाब को खुशहाल बना सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को आम आदमी पार्टी की सरकार ने बहुत नुकसान पहुंचाया है। जब से पंजाब की आप सरकार सत्ता में आई है, प्रदेश में एक भी दिन ऐसा नहीं बीता जिस दिन प्रदेश में हत्या, रंगदारी, फायरिंग, गुंडागर्दी, लूटपाट या डकैती की कोई घटना न हुई हो। अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान दोनों बार-बार पंजाबियों और हमारे शहीदों का अपमान कर रहे हैं। पंजाब सरकार केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को अपने बजट में अपना बताकर पंजाब में लागू कर जनता को बेवकूफ बना रही है। उन्होंने मनरेगा कार्यों के लिए मजदूरी दरों में वृद्धि, अमृतसर से लंदन गैटविक के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने और अमृतसर से कनाडा के लिए सीधी उड़ानें जल्द शुरू करने की घोषणा के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, राजेश बागा, बिक्रमजीत सिंह चीमा, मोना जैसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. जगमोहन सिंह राजू आईएएस, डॉ. सुभाष शर्मा, डॉ. राज कुमार वेरका, केवल सिंह ढिल्लों, बलबीर सिद्धू, मनप्रीत सिंह बादल आदि उपस्थित थे।







