HomeUncategorizedमध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी के स्वागत में लगी 30 फीट की...

मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी के स्वागत में लगी 30 फीट की गदा

Spread the News

मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनाव अभियान का शंखनाद करने जबलपुर आई प्रियंका गांधी के स्वागत में लगाई गई 30 फीट की गदा आकर्षण और चर्चा का केंद्र बन गई है। कर्नाटक चुनावों में बजरंग बली का मुद्दा कांग्रेस को घेरने के लिए इस्तेमाल हुआ था। वहीं, मध्य प्रदेश में बजरंग बली के सहारे कांग्रेस भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है। आदि शंकराचार्य चौक में बजरंग बली की 30 फीट ऊंची गदा सजाई गई है।

मध्य प्रदेश के कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा के मुताबिक हनुमान जी की 30-30 फुट की गदा पूरे शहर में लगाई गई है। यह न्याय के विजय का प्रतीक है। पूर्व वित्त मंत्री और पश्चिम विधानसभा से विधायक तरुण भनोत ने कहा कि भाजपा ने भगवान श्री राम के नाम का दुरुपयोग किया है। भगवान हनुमान श्री राम के अनन्य भक्त हैं। जिस तरह से उनकी गदा कर्नाटक में चली है, वह मध्य प्रदेश में भी होगा। बजरंग बली और गदा लगाने के लिए कई मायने लगाए जा रहे हैं।

दरअसल, कर्नाटक चुनाव में RSS से जुड़े बजरंग दल पर प्रतिबंध के मुद्दे पर जमकर राजनीति हुई थी इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बजरंग बली के नाम पर वोट मांगे थे और भाजपा के नेताओं ने बजरंग दल पर प्रतिबंध को बजरंग बली के अपमान से जोड़ा था। जबलपुर में तो बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ तक की थी। इस वजह से जबलपुर में बजरंग बली और गदा का महत्व और भी बढ़ जाता है।

कमलनाथ को कांग्रेस हनुमान भक्त के तौर पर प्रकट कर रही है। उनके साथ ही उनके बेटे नकुल नाथ के फोटो भी आदि शंकराचार्य चौक पर लगे हैं, जहां यह बड़ी गदा लगाई गई है। केके मिश्रा का कहना है कि कांग्रेस पार्टी कमलनाथ के नेतृत्व में यह चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस नारी सम्मान योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देगी। पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर देगी। साथ ही 100 यूनिट बिजली माफ होगी। 200 यूनिट का बिजली बिल हाफ होगा। किसानों का कर्ज माफ होगा। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल होगी।

Must Read

spot_img